जिला पिछडा वर्ग कल्याण अधिकारी श्री सुनहरी लाल ने जानकारी देते हुए बताया
कि उत्तर प्रदेश शासन पिछड़ा वर्ग कल्याण अनुभाग-2 के शासनादेश संख्या-06/2018 /190/64-2-2018-1 (68) दिनांक 27 फरवरी 2018 द्वारा पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक/युवतियो के लिये संचालित “ओ” लेवल एवं सी०सी०सी० कम्प्यूटर प्रशिक्षण योजना ऑनलाइन संचालित है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस योजना के अन्तर्गत भारत सरकार की अधिकृत संस्था नीलिट से मान्यता प्राप्त जनपद में कार्यरत संस्थाओं द्वारा अन्य पिछड़े वर्ग के युवक/युवतियों को “ओ’ लेवल एवं सी०सी०सी० कम्प्यूटर प्रशिक्षण कराने हेतु ऑनलाइन आवेदन विभागीय वेबसाइट backwardwelfare.gov.in एवं obccomputertraining.upsdc.gov.in पर दिये गये लिंक के माध्यम से निर्धारित प्रारूप पर किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन किये जाने की तिथि 13 मई, 2025 से 27 मई, 2025 तक होगी। इस हेतु दिशा-निर्देश समय-सारणी उक्त वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दी गयी है।
संस्था द्वारा ऑनलाइन आवेदन करने के उपरान्त मान्यता से सम्बन्धित अभिलेखों व आधारभूत ढांचे तथा दिये गये प्रारूप पर नोटरी शपथ-पत्र का विवरण अपलोड करने के साथ हार्डकॉपी प्रिन्टआउट प्राप्त कर हस्ताक्षरित करते हुए समस्त अभिलेखों तथा उपलब्ध संसाधनों से सम्बन्धित विवरण सहित निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश 10 वीं तल इन्द्रिरा भवन, अशोक मार्ग लखनऊ के कार्यालय एवं पिछडा वर्ग कल्याण अधिकारी, चित्रकूट के कार्यालय कक्ष सं०-104 विकास भवन में निर्धारित तिथि 27 मई, 2025 की सायंकाल 05:00 बजे तक अनिवार्य रूप से हार्ड कापी उपलब्ध करायी जायेगी।
संस्था द्वारा ऑनलाइन आवेदन में भरी गयी सूचना एवं उपलब्ध कराये गये अभिलेखों का परीक्षण तथा संस्था की आधारभूत संरचनाओं का भौतिक सत्यापन करते हुये निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा कम्प्यूटर प्रशिक्षण हेतु संस्थाओं का चयन किया जायेगा।









